सोमवार, 28 फ़रवरी 2022

28 फरवरी | राष्ट्रीय विज्ञान दिवस

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस, 28 फरवरी को प्रतिवर्ष मनाया जाता है। यह दिवस भारत के महान वैज्ञानिक सर चंद्रशेखर वेंकटरमन की महान खोज रमन प्रभाव की उपलब्धि से मनाया जाता है। जहां सर चंद्रशेखर वेंकटरमन ने 28 फरवरी 1928 को रमन प्रभाव की खोज की थी, वे अपनी इसी खोज के लिए 1930 की नोबेल पुरस्कार प्राप्तकर्ता बने। वे एशिया के पहले, और एक नॉन वाइट थे, जिन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार प्राप्त किया। उन्हें 1954 में भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्रदान किया गया।

   भारत में युवा दिवस राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तत्वाधान में प्रतिवर्ष 28 फरवरी को मनाया जाना सुनिश्चित है। 1986 में नेशनल काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी ने भारत सरकार से अपील की कि 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस घोषित किया जाए तब 1987 के वर्ष और उसके पश्चात प्रतिवर्ष आज तक यह दिवस देश भर के विद्यालयों, कॉलेजों और अन्य सभी एकेडमिक्स संस्थाओं ने मनाया जाता है।

चंद्रशेखर वेंकटरमन जिन्हें सीवी रमन के नाम से भी जानते हैं, वे एक भौतिक विज्ञानी रहे। उन्होंने 19 वर्ष की आयु में भौतिक विज्ञान में m.a. किया, और वित्त संबंधी परीक्षा में सफलता पाकर वे कलकत्ता में असिस्टेंट अकाउंटेंट जनरल अधिकारी बन गए। यहां से वे दिनभर अपने कार्य में होने के बाद क्योंकि विज्ञान अनुसंधान में गहरी रुचि ने उन्हें विज्ञान अनुसंधान संस्था “इंडियन एसोसिएशन फॉर कल्टीवेशन आफ साइंस” से जोड़ दिया। वह यहां अपने दिन भर के कार्यों के पश्चात देर रात तक का समय यही बिताते। जब 1917 में उन्हें भौतिक विज्ञान का प्रोफेसर बनने का अवसर मिला, जो कोलकाता विश्वविद्यालय से था। तो उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी छोड़ दी, और मात्र अपनी पहले की नौकरी की तनख्वाह के आधे पर ही यह प्रोफेसर की नौकरी स्वीकार कर ली।

1921 में सी० वी० रमन को एक अध्ययन यात्रा में विदेश का दौरा करना हुआ। और इसी को वे रमन प्रभाव की खोज का आधार बताते हैं। जब रमन पानी के जहाज से विदेश के लिए यात्रा कर रहे थे, तो सागर के नीले जल ने उन्हें शोध के लिए एक नया कारण दिया। लॉर्ड रैले के आकाश के नीले रंग की व्याख्या जो वायुकणों से प्रकाश प्रकीर्णन के कारण होता है, जो एक सफल व्याख्या थी। किंतु सागर के जल का नीला होने का कारण उन्होंने, आकाश का जल में प्रतिबिंब बताया था, जो व्याख्या रमन के लिए स्वीकार्य नहीं थी। वह इसे अपना शोध का विषय बना लेते हैं। अपने अथक प्रयास लगभग 7 वर्षों तक अनेकों द्रवों पर प्रकाश के प्रकीर्णन का अध्ययन करते रहे, और 28 फरवरी को 1928 में उन्होंने रमन प्रभाव की खोज की महान घोषणा की।

उसी 28 फरवरी की उपलब्धि को भारत में 1987 से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के रूप में मनाया जाता है।

रविवार, 27 फ़रवरी 2022

भाषण कला पर | How to speak on stage in hindi

भाषण कला पर कुछ लिखा है-

यदि आप लिखते हैं, और लगातार बोलते रहे हैं, तो उस दशा में आप बेहतर वक्ता हो सकते हैं। 

   मैंने यह भी पाया कि यदि आप किसी प्रतियोगिता का हिस्सा हैं, तब अन्य साथियों के भाषणों में ज्ञान की भारी मात्रा हो सकती है। उन्होंने इतनी अधिक सूचनाएं एकत्रित कर अपने भाषणों को तैयार किया होता है, और ऊपर से समय की बंदिश, जिसके चलते प्रतिभागी को जल्दी-जल्दी भाषण कहना होता है। किंतु उसमें आपकी साफ नीति हो सकती है, दो बात कहूंगा, तो ऐसे कहूंगा कि वह श्रोताओं पर सीधा प्रभाव डालें। 


भाषण के अनेक तरीके हो सकते हैं, उनमें दो पर बात करते हैं।

एक तरीका जिसमें बात को सीधे ढंग से रखा जाता है, अभिनय कला की कोई भूमिका नहीं। जैसे हमारे पूर्व प्रधानमंत्री माननीय मनमोहन सिंह जी का तरीका रहा है। वहीं एक और भाषण का तरीका जिसमें शब्दों को चुन चुन कर हर वाक्य को बड़ा प्रभावी बनाया जाता है, जैसा डॉ कुमार विश्वास जी के भाषणों के संबंध में है। अब इसी तरीके को दो अलग अलग वक्ताओं में अलग-अलग ढंग से पाते हैं-
   इसी स्टाइल की भाषण कला, एक ओर आप अटल जी में पाएंगे। किंतु वे थोड़ा ठहर कर जरूर बोलते थे, और बड़ी रुचि के साथ स्वर ऊँचा और नीचा करना, वाक्य को अंत करते हुए आवाज पर विशेष नियंत्रण रखना। यह उनके अभिभाषणों की अनेक विशेषता में एक रही है।
   वहीं दूसरी ओर आप बीजेपी के प्रवक्ता सुधांशु चतुर्वेदी जी को इसी स्टाइल में सुनेंगे। किंतु वे थोड़ा कम ठहरते हैं, और कम समय में अधिक से अधिक बातें बोलते हैं। इसमें कई बार कई श्रोता समझने में पीछे रह जाते हैं, और सुधांशु जी काफी आगे पहुंच चुके होते हैं। किंतु उनका यह तरीका उन्हें बहुत प्रभावी बनाता है।

मंगलवार, 1 फ़रवरी 2022

मौर्य काल का भारत कैसा था | Maurya empire

मौर्य काल में मगध साम्राज्य में विस्तार हुआ। चंद्रगुप्त मौर्य ने अपने शासनकाल में पहले सौराष्ट्र को और फिर 305 ईसा पूर्व में सेल्यूकस को हराकर संधि में अफगानिस्तान तथा बलूचिस्तान का प्रदेश भी प्राप्त किया। इस विजय यात्रा को पुनः अशोक ने बढ़ाया, जो 261 ईसा पूर्व कलिंग की विजय के पश्चात अहिंसात्मक नीति का अनुसरण करने लगा। यूं कहें कि मौर्य काल की विजय यात्रा अशोक की कलिंग विजय तक रही। इसके पश्चात तो मौर्य वंश के पतन का ही अध्ययन प्राप्त होता है। मौर्य काल के समय भारत की क्या दशा थी, अर्थात मौर्यकालीन भारत कैसा था, इस पर एक संक्षिप्त परिचय कुछ इस प्रकार से है।

कौटिल्य ने अपने महान ग्रंथ अर्थशास्त्र में ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र चार जातियों का जिक्र किया है। और वही यूनानी राजदूत मेगास्थनीज ने सात जातियों का अर्थात दार्शनिक, किसान, ग्वाले, कारीगर, सैनिक, निरीक्षक और अमात्य का जिक्र किया है। इस काल में दास प्रथा का भी प्रचलन हुआ करता था। अध्ययन में आता है, कि आठ प्रकार के विवाह उस काल में प्रचलन में थे। शादी के लिए कन्या की उम्र बारह वर्ष और वर की उम्र सोलह वर्ष होनी चाहिए थी। पुनर्विवाह का भी प्रचलन था।

उस वक्त पर मदिरापान मांस भक्षण का भी चलन था, किंतु अशोक ने अपने काल में इन पर काफी प्रतिबंधित कर दिया था। अध्ययन में आता है, कि चंद्रगुप्त मौर्य ने अपने काल में जैनियों को समर्थन दिया था। अशोक के काल तक आते-आते बौद्ध धर्म को यह समर्थन प्राप्त हुआ। अशोक ने बौद्ध धर्म को राजधर्म घोषित कर दिया। हालांकि ब्राह्मण धर्म का अभी अच्छा जोर था, जिसके अंतर्गत यज्ञ और बली प्रथा का भी समाज में अनुसरण होता था।

इन सब में सबसे महत्वपूर्ण की मौर्य शासन में धार्मिक स्वतंत्रता थी। लोगों को किसी भी धर्म को अपनाने की स्वतंत्रता रहती थी। उस काल में सभी धर्मों ने समान रूप से फल फूल कर चलन हासिल किया। मूर्ति पूजा का भी चलन था, और मंदिरों का निर्माण हुआ करता था। धर्म सभा और तीर्थ यात्राओं का प्रचलन हो चला था। मैगस्थनीज के विवरण में यह मालूम होता है, कि उस वक्त पर मौर्य काल में विदेशियों के सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की जाती थी। यातायात और व्यापार के लिए समुचित सुलभता प्रदत्त दी जाती थी।

कृषि और पशुपालन समाज में लोगों का मुख्य व्यवसाय था, वही उनकी आर्थिक मजबूती का आधार था। सूती वस्त्रों के उद्योग धंधे और धातु की बनी सुंदर चीजों का व्यापारिक प्रचलन भी था।

साहित्य और शिक्षा के उत्थान में मौर्य काल की महत्वपूर्ण भूमिका है। बौद्ध और जैन धर्म के ग्रंथों का संकलन भी इसी काल में हुआ है। तक्षशिला उच्च शिक्षा का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण केंद्र रहा। गुरुकुल, बिहारो, मठों में शिक्षा वितरण होती थी। कौटिल्य का अर्थशास्त्र महान ग्रंथ उसी काल की देन है।

मौर्य काल में कला ने विभिन्न आयामों में उन्नति का चरम प्राप्त किया। कहते हैं, कि जब चीनी यात्री फाह्यान ने पाटलिपुत्र का राजप्रासाद देखा, तो आश्चर्यचकित हो गया उसे लगा कि यह मानवों ने नहीं बनाया है, बल्कि यह तो देवताओं ने बनाया है। यह कहे कि इस काल में सुंदर गृहों के निर्माण की कला फल-फूल रही थी। मौर्य काल में सम्राट अशोक के द्वारा बनाए स्तूप, स्तंभ और उन पर की गई पोलिश आज भी शीशे की तरह साफ चमक रही है। अशोक की लाट पर अंकित चित्र कैसे सुंदर सजीव प्रतीत होते हैं।

मौर्य काल को पाषाण काल का श्रेष्ठ दौर कहें तो गलत नहीं होगा। क्योंकि पत्थर और मूर्तियों का निर्माण इस काल में उन्नत दशा में था।

सोमवार, 31 जनवरी 2022

अशोक के पश्चात | मौर्य वंश का पतन

अशोक के पश्चात मगध के शासन पर 48 वर्षों तक उसी के वंशजों ने शासन किया। अशोक का पुत्र कुणाल अशोक के पश्चात सिंहासन पर आरूढ़ हुआ, तत्पश्चात दशरथ संप्रति, शालिशुक, देववर्मा, शतधनुष तथा वृहद्रथ नाम के शासकों ने मगध के शासन पर मौर्य वंश का गौरव रखा।मौर्य वंश का अंतिम शासक वृहद्रथ की हत्या उसके ही मंत्री पुष्यमित्र शुंग ने कर मौर्य वंश का अंत कर दिया।

मौर्य साम्राज्य का पतन यूं कहें कि अशोक के शासनकाल से ही प्रारंभ हुआ तो गलत ना होगा। अशोक की बौद्ध धर्म के प्रति श्रद्धा ब्राह्मण धर्म के कट्टर अनुयायियों को रास नहीं रही होगी। उन्होंने अशोक के पश्चात आने वाले मगध सम्राटों को असहयोग प्रस्तुत किया होगा। अशोक की अहिंसात्मक नीति ने सेना पर भी एक बड़ा प्रभाव डाला।राजकोष का अत्यधिक धन सार्वजनिक हित में प्रयोग होने लगा। शिलालेख, स्तंभों का निर्माण यह सब राज्य की सुरक्षा के अतिरेक राजकोष पर भार था। अशोक के शासनकाल के पश्चात उसके उत्तराधिकारी इतनी भी योग्य ना थे, कि वह मगध के इतने विशाल साम्राज्य को छिन्न-भिन्न होने से बचा सकें। साम्राज्य की इतनी विशालता, अशोक के उत्तराधिकारियों की केंद्रीय शासन में निर्बलता ने प्रांतपतियों में स्वतंत्र सत्ता स्थापित करने के प्रयत्न के भाव को जन्म दिया। अशोक के पश्चात साम्राज्य का विस्तार कम हो जाने के कारण राजकोष राज्य की आय पर गहरा धक्का लगा। इतना ही नहीं अर्थशास्त्र में प्रमाण मिलता है कि मौर्य काल में करों की अधिकता थी।

यह सब प्रजा में असंतोष का कारण बन रही थी। अशोक के उत्तराधिकारिओं प्रांतपतियों और अन्य अधिकारियों के द्वारा प्रजा पर किए अत्याचारों ने प्रजा को शासन के विरोध में लाकर खड़ा कर दिया। अशोक के पश्चात तो मौर्य शासन की राज्यसभा में आंतरिक गुटबंदी, आंतरिक कलह ने जन्म ले लिया। स्वयं मौर्य वंश के अंतिम शासक बृहद्रथ को अपने ही सेनापति के द्वारा उसकी हत्या कराने की राजनीतिक षड्यंत्र की सूचना हुई। यह कारण मौर्य वंश को भीतर से निर्बल करते गए।

शनिवार, 29 जनवरी 2022

Ashoka maurya | अशोक महान क्यों?

अशोक मात्र भारत का ही नहीं, बल्कि विश्व के महान सम्राटों में गिना जाता है। उसकी महानता में अनेक विद्वान लिखते हैं। एच जी वेल्स ने लिखा “प्रत्येक युग और प्रत्येक राष्ट्र इस प्रकार के सम्राट को नहीं उत्पन्न कर सकता है। अशोक अब भी विश्व के इतिहास में अद्वितीय है”। अशोक का सभी राजस्व सुखों का त्याग विलासिता का त्याग और संत के समान जीवन यापन उस समय पर एक सम्राट के विषय में बेहद रोचक प्रसंग दिखाता है। उसकी सहष्णुता तथा उदार प्रवृत्ति ने कभी प्रजा पर अपने धर्म को थोपने का प्रयत्न नहीं किया। हां स्वतंत्र प्रसार का प्रयत्न जरूर किया। वह बौद्ध धर्म का अनुयायी था। किंतु उसने कभी प्रजा पर बौद्ध धर्म के अनुसरण को लेकर अत्याचार नहीं किए। वह सभी संप्रदाय के साधु-संतों में दान दक्षिणा करता रहा। उसने अपने धर्म को राज्य धर्म घोषित कर दिया था, और इस धर्म की बातें इतनी सरल थी, कि कोई भी व्यक्ति इन्हें अपनाकर भौतिक सुखों में निर्लज्जता से बचा रहे, और एक स्वस्थ समाज को जन्म देने में योगदान दे।

मात्र एक महान धर्म प्रचारक होने के साथ-साथ अशोक एक महान राष्ट्र निर्माता भी था। उसने अपने साम्राज्य में एक भाषा तथा एक लिपि का प्रयोग करवाया, यह भाषा पाली थी, और लिपि ब्राह्मी। उसके द्वारा बनवाए गए स्तंभ लेख, शिलालेख, स्तूप आज भी राष्ट्रीय समृद्धि है। अशोक की महानता को एक लेखक इन शब्दों में प्रस्तुत करता है कि-

“हम यही कहेंगे कि विश्व के भागीरथ भूपति भूधरों उत्तुंग शिखर शिखरों के मध्य अशोक को गौरी शंकर की गगनचुंबी शिखा ही मानना चाहिए। वह विश्व के राजनीतिक गगन मंडल का देदीप्यमान प्रभाकर है। जिस का अनुपम आलोक अमर रहेगा धन्य है। धन्य है वह धर्म धुरीण धनुर्धर जिसने अपनी धर्मायुध से धर्म हीनता धूली-धूसरित कर धर्म विजय की धवल ध्वजा फहराई, और धन्य है, वह धर्म धरा-धात्री जिसने अपनी पुनीत पयोधर से पावन पय-पान कराकर उस परम पुरुष का पालन पोषण किया, इसी से तो उसके चक्र को स्वतंत्र भारत के राष्ट्रीय झंडे में स्थान देकर भारत सरकार भारत की जनता से उसका अभिनंदन करा रही है और उसे अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है”।

डॉक्टर हेमचंद्र रायचौधरी ने अशोक की महानता को कुछ इस प्रकार लिखा कि-

“भारत के इतिहास में अशोक का व्यक्तित्व बड़ा ही रोचक है, उसमें चंद्रगुप्त की क्षमता, समुद्रगुप्त की प्रतिभा और अकबर की धर्म निष्ठा विद्यमान थी”।

यह सबसे महत्वपूर्ण है, कि अशोक के जीवन में कलिंग विजय के पश्चात कभी ऐसा समय ना सामना हुआ, जिसमें अशोक को युद्ध में शरीक होना पड़े। अशोक राज्य के शासन को लोक मंगलकारी और प्रजा के भौतिक जीवन को सुख समृद्धि संपन्न मात्र न करने वाला बल्कि प्रजा के जीवन का नैतिक और आध्यात्मिक स्तर को ऊंचा करने वाला बताया है।

एक सम्राट जो भारत के विशाल साम्राज्य का सबसे बड़ा शासक है, वह अपनी युद्ध यात्रा का त्याग करता है, और सबसे महत्वपूर्ण हिंसा का त्याग कर देता है। यह घोषणा आत्यायियों को कितना बल देती होगी। किंतु यह अशोक के धम्म के प्रसार का ही प्रभाव रहा होगा, कि पड़ोसी अन्य राज्यों ने भी लोक मंगलकारी कार्यों को लक्ष्य रखा ना कि युद्ध को।यही कारण होगा की अशोक की सीमाएं उसके आजीवन कलिंग विजय के बाद स्थिर रही, और वह तब जब सम्राट शस्त्रों का त्याग कर देता है, किंतु आक्रमणकारियों ने शस्त्र त्याग दिए हों ऐसा तो नहीं था। यदि अशोक कलिंग के युद्ध के बाद भी अपने राज्य की रक्षा के लिए युद्ध में आशक्त था, तो वह उसके अहिंसा के धर्म, उसके स्वयं के निभा पाने में, उसकी आजीवन पीड़ा रही होगी।

रविवार, 23 जनवरी 2022

अशोक | Maurya Empire

बिंदुसार के बड़े पुत्र अशोक का सिहासनारोहण कलिंग विजय और अशोक के धम्म तक की यात्रा उस काल के बेहद रोचक शासक होना दर्शाती है। अशोक ने अपने काल में कलिंग विजय के पश्चात अपनी युद्ध यात्रा को समाप्त कर धर्म यात्रा का मार्ग अनुसरण किया। उसने एक लोक मंगलकारी प्रशासन का संचालन किया। अपनी प्रजा के भौतिक सुख मात्र के सम्पन्नता के अलावा उनके आध्यात्मिक और नैतिक स्तर का उन्नयन किया।

अशोक बिंदुसार का जेष्ठ पुत्र था। उसका एक छोटा भाई विगतशोक था। इन दोनों भाइयों की मां एक ब्राह्मण कन्या जिनका नाम चंपा या सुभद्रांगी था। अशोक मगध का सम्राट होने से पूर्व शासन की अच्छी समझ रखता था। वह अपने पिता के शासनकाल में अवंती या उज्जैनी तथा तक्षशिला का गवर्नर रह चुका था।

बौद्ध धर्म की मानें तो अशोक के सिंहासनारोहण होना उसके द्वारा उसके 99 सौतेली भाइयों की हत्या का परिणाम था। अथवा यूं कहें कि अशोक ने सिंहासन के लिए अपने 99 सौतेले भाइयों की हत्या की थी। हालांकि बहुत से बुद्धिजीवी इसे कपोलकल्पित मानते हैं।
किंतु एक विषय यह भी है कि अशोक का राज्यअभिषेक सिहासनारोहण के चार वर्षों पश्चात हुआ था। अतः यह तो निश्चित है, कि संघर्ष जरूर हुआ होगा और इसमें कुछ भाइयों की हत्या भी अवश्य हुई होगी।

अशोक ने सम्राट हो जाने के पश्चात सर्वप्रथम अपने पूर्वजों की भांति साम्राज्यवादी नीति अपनाकर कलिंग पर विजय की योजना बनाई, उसने अपने राज्यभिषेक के नवें वर्ष में ही कलिंग जो कि उसके साम्राज्य के दक्षिण पूर्वी हिस्से में था, और एक शक्तिशाली स्वतंत्र राज्य था, जो कि भविष्य में उसके लिए और उसके साम्राज्य के लिए खतरा बना हुआ था, उस पर विजय हासिल की।

कलिंग विजय अशोक के हृदय परिवर्तन का सबसे बड़ा कारण हुआ, अशोक ने विजय यात्रा की जगह धर्म यात्राएं करना प्रारंभ कर दिया। वह कलिंग के युद्ध में हुए लाखों लोगों की हत्या और उस हिंसा के प्रभाव से अहिंसा का पुजारी हो गया।

वास्तव में कहें तो अशोक का पूर्णतः लोक मंगलकारी शासन कलिंग की विजय के पश्चात प्रारंभ होता है, जहां अशोक युद्ध यात्रा से अपने आपको पीछे खींच लेता है, और जनकल्याण के लिए धर्म के प्रचार-प्रसार में प्रयत्न प्रारंभ करता है।
अशोक की शासन व्यवस्था पुरखों से चली आ रही व्यवस्था का ही ज्यों का त्यों स्वरूप रही, हां अशोक का बड़ा साम्राज्य उस समय पर पांच प्रांतों में विभक्त था, और प्रत्येक प्रांत में पूर्व की भांति एक प्रांतपति नियुक्त किया जाता था।

अशोक के समय और उसके शासन का महत्वपूर्ण ज्ञान के साधन उसके द्वारा खुदवाय गए शिलालेख और स्तंभ हैं।
अशोक ने अपने राजधानी में पशु हत्या पर निषेध कर दिया था। प्रारंभ में अशोक को हिंसा से परहेज न था। अध्ययन में यह भी है, कि अशोक के रसोई में प्रतिदिन पशुओं की हत्या होती थी। वह युद्ध प्रिया भी था। इससे यह अनुमान लगाया जाता है, कि प्रारंभ में अशोक ब्राह्मण धर्म का अनुयाई रहा। जिसका अनुसरण उसने कलिंग विजय तक किया।

कलिंग विजय के पश्चात अशोक का दया भाव जागृत होता है। वह स्वयं को परिवर्तित करता है। उसने उन सब उत्सव समारोह को बंद करा दिया, जहां मांस, मदिरा, नाच-गाना आदि का प्रयोग होता था। आनंद-यात्राओं के स्थान पर उसने धर्म-यात्राओं का प्रचलन प्रारंभ किया। उसने प्रजा तक धर्म के प्रसार के लिए और उनके नैतिक और आध्यात्मिक उन्नयन के लिए “धर्म महामात्र” तथा “प्रादेशिक” नाम के कर्मचारी नियुक्त किए थे, जो घूम घूम कर प्रजा में धर्म के प्रसार का कार्य करते थे।

अशोक में दया भाव इस कदर हो चला था, कि केवल मानव नहीं बल्कि उसने पशु पक्षियों की भी सेवा की। उसने मनुष्यों के साथ-साथ पशु पक्षियों के लिए भी ओषधालय बनवाएं।

अशोक स्वयं को परिवर्तित करने का निश्चय कर चुका था। उसने बौद्ध धर्म के प्रसार में भी बौद्ध धर्म के अनुयायियों का सहयोग किया। उसने अनेक बौद्ध मठों की स्थापना की भिक्षुओं को घूम-घूम कर इस धर्म के प्रसार के लिए प्रोत्साहित किया। अशोक ने भगवान बुद्ध के जीवन के संबंध रखने वाले उन सभी स्थानों पर विचरण किया। अशोक के काल में तीसरी बौद्ध सभा का आयोजन पाटलिपुत्र में हुआ। और उसने इस सभा के माध्यम से बौद्ध धर्म में हुए आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयत्न किया।

अशोक ने अपना एक धर्म का प्रसार किया। जिसे “अशोक के धम्म” के नाम से प्रसिद्ध मिली यह सभी धर्मों के अच्छी बातों के लिए था, और मनुष्य तथा अन्य सभी प्राणियों के उत्थान पर केंद्रित है।
अशोक अपने धर्म कि शिक्षा प्रजा तक पहुंचाने से पूर्व स्वयं उस धर्म का अनुसरण करता था। या यूं कहें, कि स्वयं अशोक भिक्षु हो चुका था। जीवन भर उसने मांस खाना, शिकार खेलना, नाच देखना, जैसी राजसी विलासिता से दूरी बनाए रखी, और स्वयं के धर्ममय जीवन से आवाम को एक सुंदर संदेश दिया।

अशोक ने अपने धर्म के प्रचार प्रसार में कोई कसर न छोड़ी उसने अपनी धार्मिक शिक्षाओं को स्तंभों तथा शिलाओं पर खुदवाया उसने अपने धर्म के प्रसार को मात्र अपने राज्य की सीमा तक सीमित ना रखा, बल्कि अपने धर्म के प्रचार के लिए अनुयायियों को वर्मा, तिब्बत, चीन, कोरिया, जापान, तथा पूर्वी द्वीप समूह में भेजा।
इतना ही नहीं उसने अपने पुत्र महेंद्र तथा पुत्री संघमित्रा को धर्म के प्रसार के उद्देश्य से लंका भेजा।

कलिंग की हिंसा अशोक के जीवन को हिंसा के पथ से किस दिशा में ले आती है। अशोक का हृदय परिवर्तन उसके जीवन को अत्यधिक रोचक प्रस्तुत करती है।

इसी से आगे बढ़ते हुए, महान शासक अशोक के विषय में अन्य पोस्ट भी अपलोड की गई हैं, जो भारतीय प्राचीन इतिहास में मौर्यों के संबंध में आपकी जानकारी में इजाफा करेगा। मौर्य साम्राज्य पर क्रमवार पोस्ट अपलोड की गई हैं जिन्हें आप विजिट कर सकते हैं।

शुक्रवार, 21 जनवरी 2022

बिंदुसार | चंद्रगुप्त के पश्चात

  चंद्रगुप्त मौर्य ने 298 ईसा पूर्व अपने पुत्र बिंदुसार के हाथों में मगध के विशाल साम्राज्य को सौंप कर स्वयं संयास ले लिया। बिंदुसार अपने पिता की भांति साम्राज्यवादी नीति के अनुरूप चलकर मगध के साम्राज्य को और अधिक विस्तारित तो नहीं कर सका, किंतु उसने अपने साम्राज्य में शासन का सफलता से संचालन किया।

   बिंदुसार के काल में तक्षशिला में एक विद्रोह हुआ था, अध्ययन में आता है, उस विद्रोह को बिंदुसार के बड़े पुत्र अशोक ने शांत किया था। विदेशियों के साथ बिंदुसार के संबंध बेहद अच्छे थे। यूनानीयों के साथ उसके अच्छे संपर्क थे। इसलिए व्यापार में अच्छी वृद्धि हुई। अतः यह कहना उचित है, कि बिंदुसार एक कुशल प्रशासक था।

273 ईसा पूर्व में बिंदुसार परलोक सिधार गया, और यहीं आरंभ होता है, अशोक।

मेरे बारे में

मेरी फ़ोटो
नमस्कार साथियों मेरा नाम दिवाकर गोदियाल है। यहां हर आर्टिकल या तो सामाजिक सरोकारों से जुड़ा है, या जीवन के निजी अनुभव से, शिक्षा, साहित्य, जन जागरण, व्यंग्य इत्यादि से संबंधित लेख इस ब्लॉग पर आप प्राप्त करेंगे 🙏